नए साल में वाहन खरीदना पड़ेगा महंगा, जनवरी से बढ़ सकती हैं कार-बाइक की कीमतें

नए साल 2026 की दस्तक के साथ ही वाहन खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। अगर आप जनवरी में नई कार या बाइक लेने का मन बना रहे हैं, तो जेब पर थोड़ा अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। दरअसल, कई बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों ने संकेत दिए हैं कि नए साल की शुरुआत से गाड़ियों की कीमतों में इजाफा किया जा सकता है। कंपनियों का कहना है कि लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते दाम बढ़ाना मजबूरी बन गई है।

कच्चा माल और डॉलर बना वजह

ऑटो सेक्टर से जुड़े विशेषज्ञों के मुताबिक, कार और बाइक बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की कीमतों में हाल के महीनों में तेज उछाल आया है। तांबा, एल्युमिनियम और अन्य खास धातुएं इंजन, बॉडी और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में अहम भूमिका निभाती हैं। इनमें से ज्यादातर धातुएं विदेशों से मंगाई जाती हैं। ऐसे में डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी ने कंपनियों की लागत और बढ़ा दी है। आयात महंगा होने का सीधा असर वाहन की कुल कीमत पर पड़ रहा है।

दो से तीन फीसदी तक बढ़ सकते हैं दाम

बाजार जानकारों का मानना है कि आमतौर पर ऑटो कंपनियां साल की शुरुआत में कीमतों की समीक्षा करती हैं। इस बार भी कई मॉडलों की कीमतों में करीब दो से तीन प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि बाजार में प्रतिस्पर्धा काफी ज्यादा है, इसलिए कंपनियां बहुत ज्यादा दाम बढ़ाने से बचेंगी। इसके बावजूद अच्छी मांग और लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण कंपनियों को भरोसा है कि ग्राहक बढ़ी कीमतों के बावजूद खरीदारी करेंगे।

इन कंपनियों ने दी संकेत

कुछ कंपनियों ने पहले ही कीमतें बढ़ाने के संकेत दे दिए हैं। JSW MG Motor India ने कहा है कि जनवरी से उसके सभी मॉडल लगभग दो प्रतिशत तक महंगे हो सकते हैं। लग्जरी कार सेगमेंट में Mercedes-Benz India ने भी अपने वाहनों की कीमतें बढ़ाने की घोषणा की है। वहीं BMW Motorrad India ने अपनी प्रीमियम मोटरसाइकिलों के दाम बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली Ather Energy ने भी नए साल से अपने सभी मॉडल्स की कीमतों में इजाफा करने की बात कही है।

टू-व्हीलर और ईवी भी होंगे महंगे

महंगाई की मार सिर्फ कारों तक सीमित नहीं रहने वाली। बाइक, स्कूटर और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स की लागत, बैटरी की कीमत और विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव इसकी बड़ी वजह मानी जा रही है। आने वाले दिनों में और भी कंपनियां दाम बढ़ाने का ऐलान कर सकती हैं।

ग्राहकों के लिए क्या है सलाह

अगर आप नई कार, बाइक या इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो जानकारों की सलाह है कि समय रहते फैसला लेना फायदेमंद हो सकता है। नए साल से पहले खरीदारी करने पर आप बढ़ी कीमतों से बच सकते हैं और मौजूदा ऑफर्स का भी लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *