रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, 900 करोड़ पार कर रचा इतिहास

आदित्य धर के निर्देशन में बनी और रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर’ लगातार बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। रिलीज के बाद से अब तक ऐसा कोई दिन नहीं रहा, जब इस फिल्म ने कोई बड़ी उपलब्धि हासिल न की हो। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, ‘धुरंधर’ दुनियाभर में 900 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई कर चुकी है और यह उपलब्धि हासिल करने वाली 2025 की पहली भारतीय फिल्म बन गई है।

फिल्म ने अपने तीसरे हफ्ते में भी जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए साबित कर दिया है कि दर्शकों के बीच इसका क्रेज अब भी बरकरार है। मजबूत वर्ड ऑफ माउथ और लगातार मिल रहे अच्छे रिस्पॉन्स को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘धुरंधर’ का 1000 करोड़ क्लब में पहुंचना अब तय माना जा रहा है

दुनियाभर में शानदार कारोबार

‘धुरंधर’ को विदेशी बाजारों में भी जबरदस्त प्यार मिल रहा है। खासतौर पर नॉर्थ अमेरिका और मिडिल ईस्ट में फिल्म ने शानदार कमाई की है। इन विदेशी क्षेत्रों से अब तक फिल्म 22 मिलियन डॉलर से ज्यादा का बिजनेस कर चुकी है। कुल मिलाकर, 19 दिनों में वर्ल्डवाइड कलेक्शन 905 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

बुधवार को फिल्म एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रही है। ‘धुरंधर’ अब सीक्रेट सुपरस्टार, एनिमल और बजरंगी भाईजान जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए वर्ल्डवाइड ऑल टाइम टॉप-10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में शामिल होने वाली है।

भारत में भी कायम है पकड़

घरेलू बॉक्स ऑफिस की बात करें तो तीसरे सोमवार को फिल्म की कमाई में थोड़ी गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन तीसरे मंगलवार को ‘धुरंधर’ ने शानदार वापसी की। सैकनिल्म के आंकड़ों के अनुसार, 19वें दिन फिल्म ने भारत में 17.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।

इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 589.50 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 707.25 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। यह आंकड़े साफ तौर पर बताते हैं कि फिल्म अभी भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब हो रही है।

तीसरे हफ्ते में बना नया रिकॉर्ड

‘धुरंधर’ ने तीसरे हफ्ते में कमाई के मामले में भी इतिहास रच दिया है। यह किसी भी भारतीय फिल्म द्वारा तीसरे सप्ताह में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। खास बात यह है कि अभी इस हफ्ते के दो दिन और बाकी हैं, जिससे फिल्म की कमाई में और इजाफा होने की पूरी संभावना है।

अब तक यह रिकॉर्ड ‘पुष्पा 2: द रूल’ (129 करोड़) और ‘बाहुबली 2’ (127 करोड़) के नाम था। लेकिन ‘धुरंधर’ ने सिर्फ हिंदी वर्जन में रिलीज होने के बावजूद, भारत में तीसरे हफ्ते के केवल पांच दिनों में 129 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए हैं।

क्रिसमस से बढ़ेगी रफ्तार

क्रिसमस की छुट्टियों को देखते हुए ट्रेड पंडितों का अनुमान है कि ‘धुरंधर’ भारत में अपने तीसरे हफ्ते की कमाई को 170 करोड़ रुपये तक ले जा सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *