मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी सरकार के महत्वाकांक्षी नशा विरोधी अभियान ‘वॉर ऑन ड्रग्स’ ने 300 दिन पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में AAP पंजाब के जनरल सेक्रेटरी और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने इसे सिर्फ एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि पंजाबियों का साझा जन आंदोलन बताया।
बलतेज पन्नू ने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई अपने पैमाने, रणनीति और असर के मामले में न सिर्फ देश, बल्कि दुनिया में भी अलग पहचान बना रही है। उन्होंने ऐलान किया कि ‘वॉर ऑन ड्रग्स’ का दूसरा चरण 7 जनवरी से 25 जनवरी तक चलाया जाएगा, जिसमें कार्रवाई और जागरूकता दोनों को और तेज किया जाएगा।
रिकॉर्ड कार्रवाई, सख्त संदेश
पन्नू ने 1 मार्च 2025 से 23 दिसंबर 2025 तक के आधिकारिक आंकड़े साझा करते हुए बताया कि सरकार की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के चलते पंजाब पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। इस दौरान 28,485 केस दर्ज किए गए और 41,517 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
बरामद किए गए नशीले पदार्थों के आंकड़े इस अभियान की गंभीरता को दिखाते हैं। पुलिस ने अब तक
- 1,819 किलो से ज्यादा हेरोइन,
- 594 किलो अफीम,
- 27 हजार किलो से अधिक पोस्त की भूसी,
- चरस, गांजा, कोकीन और सिंथेटिक ड्रग्स सहित भारी मात्रा में अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए हैं।
इसके साथ ही 46 लाख से ज्यादा प्रतिबंधित गोलियां-कैप्सूल और 15 करोड़ रुपये से ज्यादा की ड्रग मनी भी जब्त की गई है।
नशे के खिलाफ समाज की भागीदारी
‘वॉर ऑन ड्रग्स’ सिर्फ पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं है। डिटॉक्सिफिकेशन और रोकथाम के लिए पंजाब को माझा, दोआबा, मालवा ईस्ट, मालवा वेस्ट और मालवा सेंट्रल—इन पांच जोन में बांटा गया है। अभियान का एक अहम स्तंभ गांव स्तर पर बनाई गई डिफेंस कमेटियां हैं, जिन्हें अब ‘विलेज वॉचमैन’ कहा जाता है।
इन वॉलंटियर्स की संख्या करीब एक लाख तक पहुंच चुकी है, जो गांव-गांव में नशे के खिलाफ निगरानी और जागरूकता का काम कर रहे हैं। सरकार का कहना है कि जब तक समाज खुद आगे नहीं आएगा, नशे के खिलाफ लड़ाई पूरी तरह जीती नहीं जा सकती।
सरकार का संदेश साफ
AAP नेताओं का कहना है कि यह अभियान किसी पार्टी की राजनीतिक पहल नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को बचाने का मिशन है। सरकार ने साफ कर दिया है कि नशा तस्करों के लिए राज्य में कोई जगह नहीं है और आने वाले दिनों में यह लड़ाई और तेज होगी।
300 दिन पूरे होने के साथ ही ‘वॉर ऑन ड्रग्स’ ने यह संकेत दे दिया है कि पंजाब में नशे के खिलाफ जंग अब थमने वाली नहीं है।