उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां महिंद्रा की इलेक्ट्रिक कार Mahindra BE 6 अचानक आग की चपेट में आ गई। यह घटना कुराना टोल प्लाजा के पास हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर इलेक्ट्रिक गाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या हुआ था मौके पर
पुलिस के मुताबिक, यह इलेक्ट्रिक एसयूवी बुलंदशहर से हापुड़ की ओर जा रही थी। गाड़ी चला रहे थे अमन खरबंदा। जैसे ही कार कुराना टोल प्लाजा के पास पहुंची, उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति भांपते ही ड्राइवर ने गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर हाफिजपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर ट्रैफिक भी रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
बैटरी नहीं है आग की वजह: महिंद्रा
घटना के बाद शुरुआत में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपने आधिकारिक बयान में इसे खारिज कर दिया। कंपनी ने कहा कि शुरुआती जांच में साफ हुआ है कि आग का कारण ईवी बैटरी नहीं है।
महिंद्रा के अनुसार, वाहन के सिस्टम में टायर के ज्यादा गर्म होने का अलर्ट मिला था। सुरक्षा के तौर पर सिस्टम ने गाड़ी की रफ्तार कम की और वाहन अपने आप रुक गया। इसी दौरान ड्राइवर और यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।
तकनीकी जांच में क्या सामने आया
कंपनी का कहना है कि सेंसर और सॉफ्टवेयर डायग्नोस्टिक डेटा के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला गया है कि आग का बैटरी से कोई संबंध नहीं है। शुरुआती फिजिकल जांच में भी यही बात सामने आई है।
महिंद्रा के मुताबिक, शुरुआती डेटा यह इशारा करता है कि एक्सीलेरेटर और ब्रेक पैडल का एक साथ और लगातार इस्तेमाल होने से पीछे के दाहिने पहिये में बार-बार स्लिप हुई, जिससे यह स्थिति बनी हो सकती है। हालांकि, कंपनी ने पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
ग्राहकों को भरोसा
महिंद्रा ने अपने बयान में कहा कि उसके सभी वाहन कड़े सेफ्टी मानकों के तहत डिजाइन और तैयार किए जाते हैं। कंपनी ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और जांच पूरी होने के बाद जरूरी कदम उठाए जाएंगे।