सीएम भगवंत मान ने फतेहगढ़ साहिब में टेका माथा, साहिबजादों की शहादत को किया नमन

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दशमेश पिता धन-धन श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह जी, बाबा फतेह सिंह जी और माता गुजरी कौर जी की महान शहादत को नमन करते हुए श्री फतेहगढ़ साहिब में आयोजित वार्षिक जोड़ मेल में मत्था टेका। मुख्यमंत्री ने यह जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की।

सीएम भगवंत मान परिवार सहित श्री फतेहगढ़ साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने गुरु चरणों में शीश नवाया और नानक नाम लेवा संगत के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने गुरु साहिब से प्रदेश की खुशहाली, शांति और भाईचारे की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे साहिबजादों की कौम और धर्म के प्रति दी गई कुर्बानी इतिहास में बेमिसाल है। इतनी कम उम्र में उन्होंने अत्याचार के आगे झुकने से इनकार कर अपने विश्वास और सिद्धांतों की रक्षा की। उनका यह साहस और दृढ़ निश्चय आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

भगवंत मान ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और उनके पूरे परिवार का बलिदान मानवता, सच्चाई और न्याय के लिए एक अमर उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती ऐसे महान बलिदानों की साक्षी रही है, जिनसे पूरे देश को नैतिक शक्ति मिली है।

जोड़ मेल के दौरान बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब में हाजिरी भरी। वातावरण पूरी तरह श्रद्धा, आस्था और गुरु भक्ति से सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री ने संगत के साथ बातचीत करते हुए सभी को शहादत के इस महान संदेश को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

सीएम मान ने कहा कि साहिबजादों की शहादत हमें सिखाती है कि सच्चाई और इंसानियत के रास्ते पर चलना ही सबसे बड़ा धर्म है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *