पंजाब में कड़ाके की ठंड का कहर, 31 दिसंबर तक घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट

पंजाब में सर्दी अब पूरी तरह से अपने तेवर दिखाने लगी है। सुबह और रात के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है, वहीं दिन में भी ठंडी हवाओं के कारण कंपकंपी महसूस की जा रही है। हालांकि कुछ इलाकों में दोपहर के वक्त हल्की धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिल रही है, लेकिन तापमान में लगातार गिरावट से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 26 दिसंबर से 31 दिसंबर तक राज्य के कई जिलों में घने कोहरे और कोल्ड वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने पठानकोट, नवांशहर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एस.ए.एस. नगर के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह के समय दृश्यता कम रहने से सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ सकता है।

तापमान में गिरावट, फरीदकोट बना ठंड का केंद्र

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इस समय फरीदकोट जिला राज्य का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। खास बात यह रही कि दिन के समय राज्य का सबसे अधिक तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस भी फरीदकोट में ही दर्ज किया गया, जिससे दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिला।

अन्य जिलों का हाल

अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री, लुधियाना और पटियाला में 6.4 डिग्री, गुरदासपुर में 5.5 डिग्री, होशियारपुर में 5.1 डिग्री और बठिंडा एयरपोर्ट पर 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पटियाला में दिन का अधिकतम तापमान केवल 14.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से काफी कम है।

सावधानी बरतने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों को घने कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना को देखते हुए पंजाब के लोगों को कड़ाके की सर्दी के लिए पूरी तरह तैयार रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *