मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हुए CM भगवंत मान, हालत अब स्थिर

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को तबीयत बिगड़ने के बाद मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों के मुताबिक उनकी पल्स रेट अचानक 44 तक गिर गई, जिसके चलते उन्हें तुरंत डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया।

मनीष सिसोदिया ने साझा की जानकारी

AAP नेता मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया कि सीएम मान की तबीयत पिछले दो दिनों से ठीक नहीं थी। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें Electrolyte imbalance की समस्या थी, जिसके कारण उनकी तबीयत और बिगड़ी। उन्होंने कहा कि फिलहाल मान की स्थिति स्थिर है लेकिन उन्हें 1–2 दिन और अस्पताल में रहना होगा।

स्वास्थ्य बिगड़ने के बावजूद काम जारी

सिसोदिया ने बताया कि मुख्यमंत्री अस्पताल में रहते हुए भी बाढ़ प्रभावित इलाकों और राहत कार्यों पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर पुनर्वास और मुआवजे की योजनाओं पर चर्चा की। सिसोदिया ने कहा, “यह उनके जनता से गहरे जुड़ाव को दिखाता है कि बीमारी की हालत में भी वे पंजाब की समस्याओं पर चिंतित हैं।”

हरपाल सिंह चीमा ने किया हालचाल

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी फोर्टिस अस्पताल पहुंचे और सीएम से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को पिछले कुछ दिनों से दिक्कत थी और अब डॉक्टरों ने सलाह दी है कि वह पूरी तरह स्वस्थ होने तक अस्पताल में रहें। चीमा ने कहा, “मुख्यमंत्री का एक ही संदेश है— पंजाबियों के बीच रहो और लोगों की मदद करो।”

जनता की दुआएं और उम्मीदें

मुख्यमंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से आम जनता चिंतित है। सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार स्थिति अब नियंत्रण में है और उम्मीद है कि भगवंत मान जल्द ही स्वस्थ होकर फिर से कामकाज संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *