पंजाब सरकार ने दिव्यांग कर्मचारियों की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला किया है। अब राज्य के सभी सरकारी विभागों में नेत्रहीन और शारीरिक रूप से अक्षम कर्मचारियों को रात की शिफ्ट में नहीं लगाया जाएगा। इसके लिए विभागाध्यक्षों को स्पष्ट आदेश जारी कर दिए गए हैं।
मीटिंग में उठा था मुद्दा
हाल ही में दिव्यांग कर्मचारियों और उनकी यूनियनों ने सरकार के साथ बैठक की थी। उस दौरान यह मांग सामने आई थी कि रात की ड्यूटी उनके लिए कई तरह की परेशानियां खड़ी करती है। खासकर अंधेरे में यात्रा करना और सुरक्षा संबंधी खतरे उनके लिए बड़ी चुनौती बन जाते हैं।
मंत्री डॉ. बलजीत कौर का बयान
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि दिव्यांग कर्मचारियों की सुविधा और भलाई सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि रात की शिफ्ट से छूट का यह फैसला मानवीय दृष्टिकोण से लिया गया है ताकि दिव्यांग कर्मचारी बिना किसी अतिरिक्त तनाव के अपना काम कर सकें।
दिव्यांग कर्मचारियों ने जताया आभार
सरकार के इस निर्णय का दिव्यांग कर्मचारियों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से वे इस मांग को उठा रहे थे और अब जाकर उन्हें राहत मिली है। कर्मचारियों का मानना है कि इससे वे दिन के समय पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ अपनी सेवाएं दे पाएंगे।