दुनिया भर के पंजाबी और सिख समुदाय के लिए यह एक ऐतिहासिक पल है। पंजाब वॉरियर्स समूह ने इंग्लैंड का मशहूर मोरकैंब फुटबॉल क्लब खरीद लिया है। इस कदम के साथ, पंजाब वॉरियर्स इंग्लैंड में पेशेवर फुटबॉल क्लब का मालिकाना हक़ पाने वाला पहला पंजाबी और सिख नेतृत्व वाला समूह बन गया है।
फुटबॉल लीग से हरी झंडी, सौदा हुआ पूरा
यह अधिग्रहण इंग्लिश फुटबॉल लीग (EFL) की आधिकारिक मंजूरी के बाद अंतिम रूप से पूरा हुआ। पंजाब वॉरियर्स का कहना है कि यह सिर्फ एक क्लब का मालिकाना हक़ लेना नहीं है, बल्कि यह विश्व स्तर पर पंजाबी पहचान को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम है।
यूके में सिख पहचान को नई ऊँचाई
मोरकैंब क्लब के सिखों के हाथों में आने को बड़ा प्रतीकात्मक कदम माना जा रहा है। इससे न केवल ब्रिटेन में पंजाबी समुदाय की पहचान मजबूत होगी बल्कि यह दिखाता है कि सिख समाज ब्रिटिश खेल और सामाजिक ढांचे में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहा है।
खेल और युवाओं के लिए बड़ा विज़न
पंजाब वॉरियर्स समूह ने साफ किया कि यह अधिग्रहण केवल एक खेल क्लब खरीदने तक सीमित नहीं है। उनका मकसद है कि स्थानीय समुदाय से गहरे संबंध बनाए जाएं, पंजाबी और सिख युवाओं को फुटबॉल और अन्य खेलों में आगे बढ़ने का मौका दिया जाए और आने वाली पीढ़ी को खेलों से जोड़कर प्रेरित किया जाए।
अशवीर सिंह जौहल बने पहले सिख मैनेजर
इस ऐतिहासिक अवसर पर मोरकैंब क्लब ने एक और बड़ा फैसला लिया। 30 वर्षीय अशवीर सिंह जौहल को क्लब का नया मैनेजर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वे ब्रिटिश प्रोफेशनल फुटबॉल में पहले सिख मैनेजर बन गए हैं। जौहल UEFA प्रो लाइसेंस हासिल करने वाले सबसे युवा कोचों में शामिल हैं। उनकी नियुक्ति को क्लब के लिए नए युग की शुरुआत माना जा रहा है।