धनतेरस और दीपावली के त्योहार ने दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे देश को रोशनी से भर दिया है। राजधानी के बाजारों में सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लगी हैं। लाजपत नगर, चांदनी चौक, सरोजिनी नगर और सेंट्रल मार्केट जैसे इलाकों में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लोग सोने-चांदी के गहनों, बर्तनों, सजावटी सामान और इलेक्ट्रॉनिक्स की खरीदारी में व्यस्त हैं। दुकानदारों के चेहरे पर भी रौनक लौट आई है।
सड़कों पर जाम, ट्रैफिक पुलिस के पसीने छूटे
दिल्ली से अपने घरों को लौट रहे लोगों की वजह से शुक्रवार रात से ही सड़कों पर गाड़ियों का जाम लग गया है। यमुना और आगरा एक्सप्रेसवे पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी लाइनें लगी हैं। टोल प्लाजा पर स्थिति इतनी खराब है कि वाहनों को एक इंच आगे बढ़ने में मिनटों लग रहे हैं। चूंकि इस बार दीपावली सोमवार को है और उसके पहले शनिवार-रविवार की छुट्टी के कारण लोग शुक्रवार की शाम ही घरों के लिए निकल पड़े हैं।
कालकाजी और चिराग दिल्ली बने जाम का हॉटस्पॉट
राजधानी के दक्षिणी हिस्से में भी हालात कुछ बेहतर नहीं हैं। कालकाजी मंदिर से चिराग दिल्ली और नेहरू प्लेस की ओर जाने वाली सड़कें सुबह से ही जाम से जूझ रही हैं। गाड़ियां रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रही हैं। पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों को भीड़ संभालने में मशक्कत करनी पड़ रही है। कई इलाकों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है और लाउडस्पीकर से लोगों को निर्देश दिए जा रहे हैं।
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का सैलाब, ट्रेन में जगह नहीं
त्योहार के मौसम में रेलवे स्टेशनों की स्थिति भी हाईवे जैसी ही है। नई दिल्ली, आनंद विहार और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्लेटफॉर्म पर पैर रखने की जगह तक नहीं बची। प्रशासन ने भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया है और प्लेटफॉर्मों पर रस्से लगाकर यात्रियों को लाइन में रखा जा रहा है। फिर भी ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों में धक्का-मुक्की हो रही है।
लखनऊ और महाराष्ट्र में भी जाम का असर
दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के अन्य हिस्सों में भी दीपावली का असर देखने को मिल रहा है। लखनऊ रेलवे स्टेशन पर बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। लोग ट्रेन में बैठने की जगह न मिलने के कारण बाथरूम तक में सफर कर रहे हैं। वहीं महाराष्ट्र के कराड में पुणे-बेंगलुरु नेशनल हाइवे पर ट्रैफिक जाम ने लोगों को घंटों तक फंसा रखा है।
प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा, अपील की संयम बरतें
त्योहारों की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर हैं। बाजारों में सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है और अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि वे धैर्य बनाए रखें और नियमों का पालन करें, ताकि त्योहार का आनंद बिना किसी परेशानी के लिया जा सके।