सोना और चांदी की कीमतों में हालिया तेज़ गिरावट अब थमती नजर आ रही है। 29 जनवरी को ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंचने के बाद दोनों कीमती धातुओं में लगातार चार दिनों तक भारी बिकवाली देखने को मिली थी। इस दौरान निवेशकों में चिंता बढ़ गई थी, लेकिन अब हालात बदलते दिख रहे हैं। बीते दो दिनों से सोना और चांदी दोनों ने तेज़ी से वापसी की है और दाम रॉकेट की रफ्तार से बढ़ रहे हैं।
सोना-चांदी ने फिर पकड़ी रफ्तार
चार दिन की गिरावट के बाद सोने की कीमत करीब 24,000 रुपये तक उछल चुकी है। वहीं चांदी के भाव में भी लगभग 60,000 रुपये की तेजी देखी गई है। बुधवार को भी दोनों धातुओं में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। मंगलवार को जहां चांदी 2,68,015 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, वहीं बुधवार को यह बढ़कर 2,84,094 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। इसी तरह सोना 1,53,809 रुपये प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,60,755 रुपये हो गया।
ऐतिहासिक बिकवाली के बाद उम्मीदें मजबूत
विशेषज्ञों का मानना है कि बीते सप्ताह की भारी बिकवाली के बाद अब बाजार में स्थिरता लौट रही है। विश्लेषकों के अनुसार हाल की गिरावट 13 वर्षों में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावटों में से एक थी, लेकिन इसके बाद रिकवरी भी उतनी ही मजबूत रही है। हाल के निचले स्तरों से सोना करीब 5 प्रतिशत और चांदी लगभग 8 प्रतिशत तक संभल चुकी है।
एक्सपर्ट्स क्यों हैं पॉजिटिव
वैश्विक निवेश संस्थानों का कहना है कि सोने के तेजी वाले बाजार को खत्म करने जैसी कोई ठोस वजह फिलहाल नजर नहीं आ रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि रोजाना होने वाले उतार-चढ़ाव से लंबी अवधि की तेजी खत्म नहीं होती। बाजार तब ही बदलता है, जब केंद्रीय बैंक अपनी नीतियों में बड़े बदलाव करते हैं, जो अभी नहीं दिख रहे।
आगे कितनी बढ़ सकती हैं कीमतें
कुछ अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स में सोने की कीमतों को लेकर काफी मजबूत अनुमान लगाए गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महीनों में सोना अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकता है। जून-जुलाई तक इसमें और तेज़ी की संभावना जताई जा रही है। यही वजह है कि कई एक्सपर्ट सोने को अभी भी निवेश के लिहाज से आकर्षक मान रहे हैं।
गिरावट को माना जा रहा है मौका
कमोडिटी बाजार के जानकारों का कहना है कि हाल की गिरावट शॉर्ट टर्म कारणों से हुई थी। लंबे समय के नजरिए से सोना और चांदी दोनों का आउटलुक अब भी मजबूत है। ऐसे में कई विशेषज्ञ इस गिरावट को खरीदारी का अच्छा मौका मान रहे हैं।