अमेरिका के मेन (Maine) राज्य में रविवार शाम एक गंभीर विमान हादसा सामने आया। बैंगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरते समय एक प्राइवेट जेट अचानक आग की लपटों में घिर गया और रनवे पर ही क्रैश हो गया। यह हादसा स्थानीय समय के अनुसार शाम करीब 7:45 बजे हुआ। घटना के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई।
विमान में सवार थे 8 लोग
अमेरिकी विमानन नियामक संस्था फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने हादसे की पुष्टि की है। FAA के अनुसार, विमान में कुल 8 लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद विमान में तेज आग लग गई, जिसे दूर से भी देखा जा सकता था। फिलहाल यात्रियों और क्रू मेंबर्स की हालत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
कौन सा विमान था
FAA ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान ट्विन-इंजन टर्बो-फैन जेट बॉम्बार्डियर चैलेंजर 600 था। यह एक आधुनिक और मध्यम दूरी तक उड़ान भरने वाला प्राइवेट जेट माना जाता है। हादसे के बाद घटनास्थल पर आग काफी भयानक थी, जिस पर काबू पाने के लिए आपात सेवाओं को तुरंत बुलाया गया।
मौसम भी बना चिंता का कारण
हादसे के समय बैंगर एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में हल्की बर्फबारी शुरू हो चुकी थी। पूरे मेन राज्य में उस समय विंटर स्टॉर्म वॉर्निंग जारी थी। हालांकि अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि खराब मौसम इस दुर्घटना की वजह बना या नहीं। बैंगर शहर मेन का तीसरा सबसे बड़ा शहर है।
किसके नाम पर था प्राइवेट जेट
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, यह प्राइवेट जेट टेक्सास से मेन पहुंचा था। विमान के रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड बताते हैं कि यह जेट ह्यूस्टन स्थित एक पर्सनल इंजरी लॉ फर्म के नाम पर दर्ज है। यह पता टेक्सास की मशहूर लॉ फर्म अर्नोल्ड एंड इटकिन से मेल खाता है। FAA रिकॉर्ड के अनुसार, यह विमान अप्रैल 2020 में सेवा में आया था।
जांच शुरू, कारणों का पता लगाया जाएगा
FAA ने कहा है कि इस हादसे की विस्तृत जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर की जाएगी। जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि टेकऑफ के समय विमान में कोई तकनीकी खराबी थी या हादसे की कोई अन्य वजह थी।
जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती और आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आती, तब तक यात्रियों की पहचान और हताहतों को लेकर स्थिति साफ नहीं हो सकी है। यह हादसा अमेरिका में विमान सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा रहा है।