हलवारा एयरपोर्ट पर कार्गो टर्मिनल शुरू करने की मांग, उद्योगों को मिलेगी बड़ी राहत

केंद्रीय रेलवे और फ़ूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज़ राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने हलवारा एयरपोर्ट पर पैसेंजर फ्लाइट्स के साथ-साथ कार्गो टर्मिनल जल्द शुरू करने की जोरदार मांग की है। उन्होंने कहा कि लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों में एयर कार्गो सेवाओं की भारी जरूरत है, जिसे देखते हुए कार्गो ऑपरेशन में देरी नहीं होनी चाहिए।

वर्चुअल उद्घाटन समारोह में रखी बात
हलवारा एयरपोर्ट के वर्चुअल उद्घाटन समारोह के दौरान बोलते हुए रवनीत सिंह बिट्टू ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से तुरंत कार्गो सेवाएं शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि लुधियाना का इंडस्ट्रियल बेस बहुत मजबूत है और यहां से आने वाले समय में उम्मीद से कहीं ज्यादा पैसेंजर और कार्गो ट्रैफिक देखने को मिलेगा।

उद्योगों की मौजूदा परेशानी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फिलहाल लुधियाना और आसपास के उद्योगों को अपने माल की हवाई ढुलाई के लिए अमृतसर या चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे समय और लागत दोनों बढ़ जाती हैं। हलवारा एयरपोर्ट पर कार्गो टर्मिनल शुरू होने से उद्योगों को अपने ही क्षेत्र में यह सुविधा मिलेगी, जिससे उनका काम आसान होगा।

लॉजिस्टिक्स लागत में होगी बड़ी कमी
बिट्टू ने कहा कि हलवारा एयरपोर्ट का कार्गो टर्मिनल पूरे औद्योगिक सेक्टर की जरूरतों को पूरा करेगा। इससे निर्यात-आयात से जुड़े कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और लॉजिस्टिक्स कॉस्ट में भारी कमी आएगी। खासकर कपड़ा, साइकिल पार्ट्स, मशीनरी और एग्रो-प्रोडक्ट्स जैसे सेक्टर को इसका सीधा फायदा मिलेगा।

एयरपोर्ट के नाम को लेकर प्रस्ताव
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने महान स्वतंत्रता सेनानी और क्रांतिकारी शहीद-ए-आज़म सरदार करतार सिंह सराभा को श्रद्धांजलि देते हुए हलवारा एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा मिलेगी।

प्रधानमंत्री का आभार, ऐतिहासिक तोहफा बताया
रवनीत सिंह बिट्टू ने हलवारा एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया और इसे पंजाब के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक तोहफा बताया। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट राज्य के विकास, रोजगार और व्यापार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

कार्यक्रम में कई नेता रहे मौजूद
इस मौके पर लुधियाना भाजपा अध्यक्ष रजनीश धीमान, पंजाब भाजपा कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी, सुभाष डाबर, एडवोकेट बिक्रम सिंह सिद्धू, मनीष चोपड़ा लकी, नवल जैन, अरुणेश मिश्रा, विपन सूद काका, डॉ. सतीश कुमार और पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष राशि अग्रवाल सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *