अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने सीमा पार से नशीले पदार्थ और अवैध हथियार मंगाने वाले एक तस्करी गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में हेरोइन, हथियार और नकदी बरामद की है।
हेरोइन, पिस्तौल और नकदी बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से करीब 1.5 किलो हेरोइन, दो अत्याधुनिक पिस्तौल—एक 9 एमएम और एक .30 बोर—साथ ही 34 जिंदा 9 एमएम कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा तस्करी से जुड़ी करीब 1.98 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की गई है, जिसे ड्रग मनी बताया जा रहा है।
सोशल मीडिया से जुड़े थे विदेशी तस्करों से
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। ये लोग अपने विदेशी हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहे थे। सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थ मंगवाए जाते थे और फिर उन्हें पंजाब के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाता था।
अमृतसर में दर्ज हुई एफआईआर
इस मामले में पुलिस थाना सिविल लाइंस, अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े आगे और पीछे के लिंक तलाशने में जुटी हुई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि राज्य में नशा और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि पंजाब में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाएगा।