पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ‘हिंद दी चादर’ साहिब श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत शताब्दी पूरे पंजाब में श्रद्धा और सम्मान के साथ मना रही है। इस अवसर पर राज्य-स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोगों को गुरु साहिब के बलिदान और विचारों से जोड़ा जा सके।
गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होगी झांकी
सीएम मान ने बताया कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी के जीवन, उनके दर्शन और उनकी महान शहादत को दर्शाने वाली एक विशेष झांकी को 26 जनवरी की गणतंत्र दिवस परेड के लिए भी भेजा गया है। यह झांकी इस वर्ष दिल्ली में होने वाली परेड की शोभा बढ़ाएगी और देश-दुनिया को गुरु साहिब के अद्वितीय बलिदान की कहानी से रूबरू कराएगी।
मानवाधिकार और धार्मिक स्वतंत्रता का संदेश
गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शिक्षाएँ आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने मानवाधिकारों, समानता, धार्मिक आज़ादी और सामाजिक स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका जीवन संदेश देता है कि अन्याय के खिलाफ खड़ा होना ही सच्ची मानवता है।
युवाओं को जोड़ने की कोशिश
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु साहिब के महान विचारों से युवाओं समेत समाज के हर वर्ग को परिचित कराना आज की ज़रूरत है। इसी सोच के साथ पंजाब सरकार लगातार ऐसे प्रयास कर रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने इतिहास और मूल्यों से प्रेरणा ले सकें।