पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित किसानों को पूरी तरह अनदेखा किया है और अब तक किसी भी तरह की वित्तीय सहायता नहीं दी गई।
अरोड़ा ने कहा कि केंद्र ने न सिर्फ किसानों की मदद से इंकार किया, बल्कि पंजाब सरकार को फंड देने से भी पीछे हट गया।
पंजाब सरकार ने अपने खर्च पर दी राहत
अमन अरोड़ा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के 11 गांवों के 82 किसानों को राहत राशि के चेक बांटे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बिना किसी केंद्रीय सहायता के
अपने स्तर पर किसानों को आर्थिक मदद पहुंचाने का फैसला किया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार ने
हर बाढ़ प्रभावित किसान को पूरा मुआवज़ा देने का संकल्प लिया है ताकि किसी को भी नुकसान की भरपाई से वंचित न रहना पड़े।
“भाजपा सरकार किसान विरोधी है”
अरोड़ा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार बार-बार ऐसे निर्णय लेती रही है जो किसानों के खिलाफ जाते हैं।
उन्होंने याद दिलाया कि पहले काले कृषि कानून लाए गए, जिनके विरोध में किसानों ने लंबा संघर्ष किया।
लाखों किसानों के आंदोलन के बाद ही सरकार को वो कानून वापस लेने पड़े।
उन्होंने कहा कि अब भी केंद्र किसानों के प्रति सकारात्मक सोच नहीं दिखा रही और उनकी समस्याओं से मुंह मोड़ रही है।
पंजाब सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी
अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों के साथ हर मुश्किल में खड़ी है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार केंद्र से मदद न मिलने के बावजूद
अपने संसाधनों से राहत फंड जुटाकर किसानों को आर्थिक सहारा दे रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों को अब यह भरोसा है कि उनकी सरकार उनके साथ है,
भले ही केंद्र उनसे मुंह मोड़ ले।